घटना का पता चलने पर मौके पर मौजूद मृतक के परिजन। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। अतरौली थानाक्षेत्र के ग्राम एरा निवासी युवक ने फांसी लाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव गांव के आम के बाग में रस्सी से फांसी पर लटकता मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम एरा निवासी गुरु (20) खेती करता था। मंगलवार की देर रात वह घर से खाना खाने के बाद गांव के बाहर पूरब दिशा में स्थित अपने खेत में गेहूं की फसल की रखवाली के लिए गया था। बुधवार सुबह लगभग आठ बजे तक भी जब गुरु घर वापस नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
खेत से लगभग तीन सौ मीटर दूर गांव निवासी एक व्यक्ति के आम के बाग में पेड़ से रस्सी से उसका शव फांसी पर लटकता मिला। खुशीराम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरु दो भाइयों में छोटा था। थानाध्यक्ष अशोक यादव ने बताया कि परिजनों ने घटना को लेकर कोई आरोप नहीं लगाए हैं। खुदकुशी का मामला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज गया है।