मल्लावां। सोमवार को तीनों दोस्तों के शवों का गंगा नदी के मेहंदीघाट पर एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। तीनों दोस्तों की शनिवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उन्नाव जनपद के थाना बेहटा मुजावर क्षेत्र में हुए हादसे में मौत हो गई थी। रविवार शाम इन शव घरों पर लाए गए थे। तीन दोस्तों के एक साथ अंतिम संस्कार देख लोगों की आंखें नम हो गई।
कस्बा के मोहल्ला स्टेशन रोड निवासी विकास (18) पुत्र रामचंद्र, गोविंद (20) पुत्र ननक्के और अनुज (18) पुत्र अवधेश तीनों में गहरी दोस्ती थी। जैसा कि परिवार के लोगों ने बताया कि शनिवार को तीनों एक बाइक से किसी काम से लखनऊ गए थे। शाम को बाइक से वापस आते समय आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे उन्नाव जनपद के थाना बेहटा मुजावर क्षेत्र में बाइक अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे से टकरा गई। जिसमे अनुज और गोविंद की मौके पर मौत हो गई थी। विकास गंभीर रुप से घायल हो गया था। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने विकास को लखनऊ में भर्ती कराया था, जंहा पर इलाज के दौरान रविवार मौत हो गई। रविवार की शाम को तीनों के शव एक साथ आए तो, कोहराम मच गया। मृतक गोविंद तीन भाईयों में बड़ा और अविवाहित था। वह वेल्डिंग का काम करता था। विकास दो भाइयों में छोटा व अविवाहित था। पिता के साथ फर्नीचर की दुकान में सहयोग करता था। मृतक अनुज दो भाईयों में छोटा और अविवाहित था। वह पिता के साथ खेती में सहयोग करता था। सोमवार को तीनों शवों का एक साथ मेहंदीघाट पर अंतिम संस्कार किया गया।