हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर कौढ़ा गांव के पास ननिहाल आए युवक को सड़क पार करते समय क्रेन ने कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर अठिगवां निवासी शिवशंकर (22) पुत्र मदनलाल गुरुवार सुबह देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कौढ़ा स्थित ननिहाल आया था। गुरुवार देर शाम वह हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पार कर रहा था। इसी दौरान क्रेन ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तक तक उसकी सांसें थम गईं।
घटना के बाद चालक क्रेन लेकर भाग गया। परिजनों के मुताबिक शिवशंकर अविवाहित था। वह चार भाइयों में छोटा था। खेती में भाइयों का हाथ बंटाता था। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल रंधा सिंह ने बताया कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।