मार्चरी में बैठे मृतक छात्रों के परिजन
सुरसा थाना क्षेत्र में माझेलापुल के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे रखे खोखे से टकरा गई। इससे बघराई गांव निवासी मौसेसे भाइयों की मौत हो गई। दोनों बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा देकर घर लौट रहे थे। पुलिस ने दोनों के शव को बुधवार को पोस्टमार्टम कराया।
सांडी थाना क्षेत्र के बघराई गांव निवासी शिवाकांत (24) पुत्र स्व. रामरहीश संडीला क्षेत्र के सकतखेड़ा स्थित मो.यूसुफ कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। उसी कॉलेज में शिवाकांत का मौसेरा भाई रुपेंद्र (22) पुत्र सुखराम भी बीए प्रथम वर्ष में पढ़ता था। रूपेश भी बघराई का ही रहने वाला है। मंगलवार को दोनों को हिंदी द्वितीय प्रशभनपत्र की परीक्षा थी। पेपर खत्म होने के बाद दोनों आशूसराय गांव स्थित ननिहाल चले गए। शाम करीब छह बजे वहां से निकलने से पहले परिजनों को फोन पर सूचना दी। रात आठ बजे तक घर न पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई।
परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की। बघौली से पहले माझेला पुल के करीब खोखा के पास बाइक पड़ी दिखी। सड़क के नीचे गड्ढे में दोनों के शव पडे़ थे। तेज रफ्तार होने से बाइक मोड़ पर खोखे से टकराने से हादसा हुआ था। हेलमेट दूर पड़ा था। बेल्ट न लगाने के कारण हेलमेट निकल गया। इससे बाइक चला रहे शिवाकांत और पीछे बैठे रूपेंद्र को भी सिर में गंभीर चोटें आई। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
23 अप्रैल को जानी थी रूपेश की बारात
शिवाकांत और रूपेश दोनों की शादी तय हो गई थी। रूपेश के शादी की तरीख भी निकल आई थी। 7 अप्रैल को उसका तिलक होना था और 23 अप्रैल को बारात जानी थी। शिवाकांत की शादी मई में होनी थी। ग्रामप्रधान घनश्याम यादव ने बताया कि शिवाकांत तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़े भाई नवीन और रमाकांत खेती करते हैं। दोनों की शादी हो चुकी है। रूपेश भी तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई नीरज और पुष्पेंद्र भी खेतीबाड़ी करते हैं।