फोटो- 10- कुलदीप श्रीवास्तव। फाइल फोटो
हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र के माधौगंज-बघौली मार्ग पर मंगलवार शाम एक कार चालक ने बाइक सवार कूरियर बॉय को टक्कर मार दी और मौके से भाग गया। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन पहले बालामऊ सीएचसी फिर वहां से मेडिकल कॉलेज लेकर आए। वहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
उदनपुरवा गांव निवासी कुलदीप श्रीवास्तव (32) एलआईसी में एजेंट थे और साथ में कूरियर का काम भी करते थे। जीजा अतुल कुमार ने बताया कि उनके पिता राम सहाय बघौली के पास बाल कटिंग की दुकान चलाते हैं। कुलदीप दो भाई-बहन थे। करीब 10 साल पहले एक्सीडेंट होने की वजह से कुलदीप का दायां पैर नहीं था इस वजह से उनकी शादी अभी नहीं हुई थी। बताया कि कुलदीप मंगलवार शाम करीब सात बजे पार्सल डिलीवर करके उदनपुरवा घर लौट रहे थे।
माधौगंज-बघौली मार्ग पर बन्नापुर और बिलांव के पास उनकी बाइक को कार चालक ने टक्कर मार दी और भाग गया। इससे उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। गांव के लोगों ने उनको सड़क पर पड़े देखा तो परिजन को सूचित किया। मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें लेकर बालामऊ सीएचसी लेकर गए, हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान कुलदीप ने दम तोड़ दिया। कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।