टायर फटने से अनियंत्रित हुई एंबुलेंस ने दंपती को चपेट में लिया
परिवार के साथ अस्पताल में भर्ती सास को देखने जा रहे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
टड़ियावां। थाना क्षेत्र के फुकहा निवासी दंपती की सीतापुर जनपद के अटरिया थाना क्षेत्र में दुर्घटना में मौत होगई। उनकी बेटी गंभीर हालत में लखनऊ में भर्ती है। दंपती का शव शुक्रवार देर शाम घर आने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
फुकहा निवासी श्यामू गुप्ता (40) पिछले कुछ माह से लखनऊ में रह रहे थे। वहां उनकी पत्नी मालती गुप्ता (36) और दो पुत्रियां व एक पुत्र भी साथ में रहते थे। श्यामू गुप्ता की ससुराल सीतापुर जनपद में कुतुबनगर थाना क्षेत्र सतनापुर में है। श्यामू की सास बीमार चल रही हैं और वह अटरिया में स्थित एक अस्पताल में भर्ती हैं।
शुक्रवार सुबह श्यामू मालती और बेटी पावनी (8) के साथ सास को देखने गया था। उन्हें देखने के बाद वह अटरिया में ही सड़क किनारे अस्पताल के सामने खड़ा था। इसी दौरान देहरादून से लखनऊ जा रही एक एंबुलेंस का टायर फट गया। टायर फटने से अनियंत्रित हुई एंबुलेंस दंपती और पावनी को चपेट में लेते हुए नाले में जा गिरी। घटना में श्यामू और मालती की मौत हो गई। पावनी को लखनऊ में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।