हरदोई। सातवीं आर्थिक गणना का कार्य इस बार मोबाइल एप के माध्यम से होगा। घर-घर जाकर प्रगणकों की सूचना एकत्र की जाएगी। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को सातवीं आर्थिक गणना के संबंध में हुई जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में जिलाधिकारी पुलकित खरे ने ये बात कही। उन्होंने सहायक अर्थ एवं संख्या अधिकारी देवेंद्र सिंह को निर्देश दिए कि आर्थिक गणना संबंधी तैयारी, प्रगति एवं संचालन का नियमित रूप से अनुश्रवण किया जाए और सभी कार्यों का निष्पादन प्रभावी ढंग से किया जाए।
ग्राम पंचायत स्तर पर प्रधानों, सचिवों एवं नगर निकाय के अधिकारियों को भी इस बारे में बताया जाए। बैठक में सहायक अर्थ एवं संख्या अधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि आर्थिक गणना के संबंध में 852 सुपर वाइजर व 4773 प्रगणकों का चयन कर प्रशिक्षण दे दिया गया है। इस कार्य का निरीक्षण जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी व जिला उद्योग केंद्र अधिकारी करेंगे। बैठक में सीडीओ निधि गुप्ता वत्स, एडीएम संजय कुमार सिंह, डीडीओ राजित राम मिश्रा मौजूद रहे।