हरदोई में पुलिस कार्यालय में घटना के बारे में जानकारी देते एसपी आलोक प्रियदर्शी व पुलिस हिरासत म?
- फोटो : HARDOI
हरदोई। टड़ियावां ब्लाक के हर्रई गांव में हर्रई नहर पुल के पास रविवार रात सर्विलांस सेल और पुलिस टीम ने नकली नोटों की सप्लाई करने गए युवक को पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर शहर में एक मकान में छापा मारकर सवा लाख के नकली नोट और उपकरण बरामद किए हैं। मौके से तीन अन्य युवकों को भी गिरफ्तार किया है।
सोमवार को मामले का खुलासा एसपी आलोक प्रियदर्शी ने किया। उन्होंने बताया कि रविवार रात नकली नोटों की सप्लाई किए जाने की सूचना मिली। इस पर सर्विलांस सेल व टड़ियावां पुलिस की संयुक्त टीम ने हर्रई नहर पुल के पास घेराबंदी कर एक युवक को गिरफ्तार किया। उसने अपना नाम आशीष कुमार पुत्र सत्यप्रकाश वर्मा निवासी घमुइया थाना सुरसा बताया। उसके पास से 30 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए। युवक ने बताया कि वह तीन साथियों के साथ मिलकर शहर में श्रवण देवी मंदिर के पास एक किराये के मकान में नकली नोट छापता है। पुलिस ने वहां छापा मारकर तीन आरोपियों आलोक कुमार पुत्र गंगाराम निवासी ग्राम घमुइया थाना सुरसा, अतुल पाल पुत्र जदुनाथ पाल निवासी ग्राम रामपुर थाना सुरसा व ओमप्रकाश उर्फ गोल्डन पुत्र श्रवण कुमार निवासी मोहल्ला आजाद कुमार को भी पकड़ लिया।
तलाशी में वहां से 96700 रुपये के नकली नोट, चार मोबाइल, एक ब्रांडेट प्रिंटर समेत नकली नोट छापने के अन्य उपकरण और 6630 रुपये बरामद हुए। एसपी ने बताया कि आरोपियों ने पांच माह से इस काम से जुड़े होने की बात स्वीकार की है। बताया कि वह नए आदमी को तलाश कर उसे नोट बेचते थे। एसपी ने बताया कि चारों आरोपी छात्र हैं। दो बिलग्राम के एक डिग्री कालेज से बीएससी कर रहे हैं जबकि दो अन्य इंटर की पढ़ाई कर रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ टड़ियावां थाने में केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।