हरदोई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जनपद में संगठन को और मजबूत बनाने की कवायद में लग गया है। नए शैक्षिक सत्र में जिले भर में विद्यार्थी परिषद ने 50 हजार विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य रक्षा है। इस लक्ष्य को हासिल करने की रणनीति भी बुधवार को आयोजित एक बैठक में रणनीति बनाई गई।
जिला पंचायत सभागार में हुई बैठक में विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय मंत्री अंकित शुक्ल ने गतवर्ष हुए आयोजनों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद की ओर से परिसर चलो अभियान विशेष रूप से चलाया जाएगा। अलग अलग मौकों पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के बारे में भी उन्होंने कार्यकर्ताओं से चर्चा की।
प्रांत सह मंत्री पुष्पा गौतम ने कहा कि विद्यार्थी परिषद राष्ट्र प्रथम की भावना विद्यार्थियों में जगाता है। जिला संयोजक प्रखर ने बताया कि सदस्यता अभियान में 50 हजार विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ा जाएगा। सभी प्रमुख कार्यकर्ता कॉलेजों में प्रवास कर सदस्यता अभियान को रफ्तार देंगे। बैठक में विभाग संगठन मंत्री विकास, विभाग संयोजक ओमवीर, जिला संगठन मंत्री अभिषेक, नगर मंत्री अभिकेश, छात्रा सह संयोजक अदिती, शिवम मिश्रा आदि मौजूद रहे।