सवायजपुर। ग्रामीणों की शिकायत पर हुई जांच और जांच में भरखनी ब्लॉक की ग्राम पंचायत भेलामऊ के कोटेदार द्वारा वितरण प्रणाली में गडबड़ी किए जाने की शिकायत सही मिलने पर सवायजपुर की पूर्ति निरीक्षक शुभ्रा मिश्रा ने कोटेदार विपिन कुमार के खिलाफ लोनार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पूर्ति निरीक्षक शुभ्रा मिश्रा ने बताया कि भेलामऊ निवासी कार्डधारकों ने कोटेदार पर राशन वितरण प्रणाली में गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। मौके पर जाकर शिकायत की जांच की गई व कार्डधारकों के बयान दर्ज किए गए। कार्डधारकों ने बताया कि मशीन पर अगूंठा लगवाने के बाद भी कोटेदार ने उन्हें राशन वितरित नहीं किया। अन्य कई कार्डधारकों ने भी राशन न मिलने की बात कही। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि जांच में न वितरित किए जाने वाला राशन स्टॉक में भी नहीं मिला, राशन की कालाबाजारी किए जाने की बात पता चली। एसओ लोनार राजेश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि भेलामऊ के कार्डधारकों को बड़ौरा गांव की राशन की दुकान से संबद्ध किया गया है।