हरदोई। संडीला और गोपामऊ कस्बे में थर्मल स्क्रीनिंग के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों का लोगों ने स्वागत किया। कहीं फूलों की बारिश हुई तो कहीं फोटोफ्रेम उपहार में दिए गए। टीम ने भी बाशिंदों का आभार जताया।
गोपामऊ कस्बे के मोहल्ला लालपीर से लेकर पुलिस चौकी तक स्वास्थ्य टीम पर फूलों की बारिश की गई। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वली मोहम्मद की अगुवाई में लोगों ने पुष्पवर्षा की और स्वास्थ्य कर्मियों का इस संकट की घड़ी में बहादुरी से कार्य करने के लिए आभार प्रदर्शित किया।
मोहल्ला अचार्जन में थर्मल स्क्रीनिंग के लिए पहुंची टीम को शाकिर अली के परिवार ने फोटोफ्रेम देकर सम्मानित किया। टड़ियावां के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद सरोज ने स्वागत के लिए नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष वली मोहम्मद का आभार जताया। उन्होंने कहा कि महामारी से लड़ने के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता है।
उधर संडीला में स्वास्थ्य विभाग की टीम का स्वागत और सम्मान किया गया। स्वागत करने वालों में विभा सिंह, चंद्रमोहन आहूजा, गंगाशरण गुप्ता, डॉ. सोनी, गुलशन ग्रोवर, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष शैलेश अग्निहोत्री मौजूद रहे। शैलेश अग्निहोत्री और सोनी त्रिपाठी ने स्वास्थ्य विभाग की टीम की आरती उतारी। मोहल्ला चौपारटोला में टीम पर लोगों ने पुष्पवर्षा भी की।