हरदोई। कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या देखकर प्रशासन गंभीर है। घर-घर जाकर प्रत्येक व्यक्ति की जांच की जाए। निगरानी समितियां सक्रिय होकर चिकित्सकों का सहयोग करें। डीएम अविनाश कुमार के निर्देश पर शनिवार देर शाम कंट्रोल रूम में आयोजित बैठक में नगर मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव ने नोडल अधिकारियों से ये बात कही।
उन्होंने कहा कि निगरानी समिति में नामित आंगनबाड़ी, आशा व अन्य स्वास्थ्यकर्मी अपने क्षेत्र में नियमित घर-घर जाकर लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग करें। किसी व्यक्ति में कोरोना से संबंधित लक्षण मिलने पर तत्काल संबंधित अस्पताल के एमओआईसी व कंट्रोल रूम को सूचना दें। नगर मजिस्ट्रेट ने एल-1 व एल-2 अस्पताल के नोडल अफसर व चिकित्सकों से कहा कि कोरोना मरीजों को समय पर नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराएं। बैठक में सीएमओ डॉ सूर्यमणि त्रिपाठी, एसओसी चकबंदी बीएन उपाध्याय, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट माया शंकर यादव, सीएमएस डॉ एके शाक्य, डॉ अमरजीत अजमानी, डॉ धीरेंद्र सिंह उपस्थित रहे।