हरदोई। कोरोना वायरस से अपने कर्मियों व आने जाने वाले शहरवासियों को सैनिटाइज कराने के लिए नगर पालिका ने परिसर में एक सैनिटाइज गेट लगवाया है। जिसकी शुरुआत सोमवार को की गई। ईओ बोले जल्द ही इस गेट को आटोमैटिक भी करवाया जाएगा।
इन दिनों नगर पालिका कोरोना को देखते हुए शहर में साफ-सफाई का कार्य करवा रही है। यही नहीं शहर की गलियों व प्रमुख मार्गों पर दवा का छिड़काव भी किया जा रहा है। इसी बीच पालिका ने सोमवार को अपने कार्यालय के परिसर में एक सैनिटाइजर गेट भी लगवाया है। ईओ सदर रविशंकर शुक्ला का कहना है कि शहरवासी व पालिका कर्मी कैसे सुरक्षित रहें इसको लेकर प्रयास लगातार जारी हैं।
इस गेट से होकर रोजाना पालिका कर्मी कार्यालय पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि जल्द ही इसमें आटोमैटिक सिस्टम भी लगवाया जाएगा ताकि इसके अंदर जाने पर कोई भी बटन दबा कर अपने आप को सैनिटाइज कर सके और उसके निकलने पर कुछ सेकेंड बाद सैनिटाइजेशन बंद हो जाए। उन्होंने बताया कि इसके अलावा शहर में भी दवा का छिड़काव पालिका कर्मियों द्वारा लगातार जारी है।