हरदोई। आंगनबाड़ी भवन के निर्माण में अधोमानक सामग्री इस्तेमाल किए जाने की जानकारी पर आपत्ति जताना ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) के लिए मुसीबत का सबब बन गया। नाराज ठेकेदार ने अधिशासी अभियंता से उनके ही कार्यालय कक्ष में अभद्रता की। नाराज अधिशासी अभियंता ने ठेकेदार का पंजीकरण ही निरस्त कर दिया।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के अब्दुल्लानगर नगर के मजरा जोगियापुर निवासी सिकंदर अली ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में ठेकेदार है। मेसर्स एसजी एसोसिएट नाम से उसका रजिस्ट्रेशन विभाग में है। विभाग के विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक उक्त फर्म आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण करा रही हैं। बीते दिनों एक अवर अभियंता ने भवन के निर्माण में गुणवत्ताहीन ईंट इस्तेमाल किए जाने पर फर्म के प्रोपराइटर सिकंदर अली से नाराजगी जता दूसरी ईंटें लगाने को कहा था।
इसी को लेकर सिकंदर अली शुक्रवार शाम ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता एसके गुप्ता के कार्यालय पहुंच गया। यहां अवर अभियंता की मौजूदगी में सिकंदर अली ने अधिशासी अभियंता से अभद्रता की। पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सिकंदर अली का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया गया है।