टड़ियावां। अस्पताल निर्माण का भुगतान मांगने पर अस्पताल संचालक पर ठेकेदार ने बंधक बनाकर पीटने का आरोप लगाया है। ठेकेदार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अस्पताल संचालक समेत दो पर पीटने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के चुन्नीपुरवा मदरावां निवासी अजय पाल ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह अपने साथी संतराम के साथ भवन निर्माण की ठेकेदारी करते हैं। तहरीर में बताया कि बीते वर्ष नवरात्र के दौरान बाबू सिंह गौर के माध्यम से हरदोई शहर निवासी डॉ. अमरेंद्र सिंह और अरविंद सिंह मिले। उन्होंने अस्पताल निर्माण के लिए 145 रुपये प्रति वर्ग फीट का ठेका दिया। अस्पताल निर्माण के लिए उसने अपने खर्च पर शटरिंग, बल्ली, जाल और अन्य संसाधन जुटाकर निर्माण करा दिया। उसे करीब नौ लाख रुपये का भुगतान किया जबकि करीब साढ़े 12 लाख रुपये का भुगतान अभी बाकी है।
आरोप है कि करीब 15 दिन पहले वह बकाया भुगतान मांगने के लिए बक्खीपुरवा स्थित अस्पताल पहुंचा और निर्माण कार्य की नाप कराने की बात कही तो विवाद हो गया। विपक्षियों ने उन्हें जातिसूचक गालियां दीं और लाइसेंसी असलहे की दम पर अस्पताल परिसर में बंधक बनाकर लात-घूंसों से पीटा। सूचना मिलने पर पहुंचे बाबू सिंह ने दोनों को छुड़ाया। प्रभारी निरीक्षक इख्तियार हुसैन ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।