सवायजपुर। कस्बा स्थित विद्युत उपकेंद्र पर शिकायत लेकर पहुंचे उपभोक्ता का कर्मियों से विवाद हो गया। कर्मियों का आरोप है कि उपभोक्ता ने उपकेंद्र में रखे सरकारी अभिलेख फाड़ दिए और मारपीट की। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना से नाराज उपकेंद्र कर्मियों ने कार्रवाई की मांग को लेकर उपकेंद्र से पूरे क्षेत्र की आपूर्ति बंद कर दी। अधिकारियों के दखल पर लगभग एक घंटे बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई।
कस्बा स्थित विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ (स्टेशन सब ऑपरेटर) दिनेश चंद्र ने बताया कि सोमवार शाम उनके साथ एसएसओ अतुल पाल, शिवलेश कुमार व लाइनमैन पुष्पेंद्र कुमार ड्यूटी पर थे। शाम 5.30 बजे कस्बे में सिलाई कारखाना चलाने वाला एक व्यक्ति वहां आया और वोल्टेज की समस्या सही न करने का आरोप लगा गाली गलौज करने लगा। आरोपी ने उपकेंद्र में रखे सरकारी अभिलेख फाड़ दिए। दिनेश चंद्र ने बताया कि विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की। मारपीट करने के बाद आरोपी जान की धमकी देकर भागने लगा, इस बीच साथी कर्मियों ने उपकेंद्र का गेट बंद कर पुलिस को सूचना दे दी। जिस पर पुलिस मौके पर आ गई और आरोपी को पकड़ ले गई। इधर घटना से नाराज उपकेंद्र कर्मियों ने उपकेंद्र से आपूर्ति ठप कर दी। शाम छह बजे से लगभग सात बजे तक कस्बे व ग्रामीण अंचल की आपूर्ति ठप रही। मामला संज्ञान में आने पर अधिकारियों ने आपूर्ति बहाल कराई। एसडीओ शाहाबाद रणधीर कुमार ने बताया कि मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में डाला गया है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। वहीं एसओ लोनार राजेश राय ने बताया कि पुलिस ने मौके पर जाकर आरोपी को हिरासत में लिया है। अभी तक कर्मियों व दूसरे पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।