सवायजपुर। लोनार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सवायजपुर में मां के साथ दवाई लेने गए बालक को सोमवार सुबह कटरा-बिल्हौर मार्ग पर ट्रक ने कुचल दिया। घटनास्थल पर ही बालक की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को पकड़ लिया है।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घोड़ीथर निवासी रेनू देवी सोमवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे अपने पुत्र अंशु (7) के साथ दवा लेने गांव से पैदल सवायजपुर जा रही थी। बिल्हौर-कटरा मार्ग पर पुरानी तहसील मोड़ के निकट रूपापुर की ओर से आ रहे ट्रक ने अंशु को कुचल दिया। घटनास्थल पर ही अंशु की मौत हो गई। घटना के बाद रेनू बिलख पड़ी। परिवार में अब पति, एक पुत्र और एक पुत्री है। मौके पर पहुंचे सवायजपुर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने ट्रक और चालक को पकड़ लिया। लोनार कोतवाल राजेश राय ने बताया कि घटना की तहरीर नहीं मिली है।