मल्लावां। नगर में जलनिकासी के लिए दो करोड़ रुपये से आठ नालों को बनवाया जाएगा, जबकि एक करोड़ रुपये से पेयजल आपूर्ति का काम कराया जाएगा। इसी के साथ प्रकाश व्यवस्था के लिए भी खरीदारी होगी। चेयरमैन तबस्सुम की अध्यक्षता में हुई नगर पालिका की बोर्ड बैठक में इन कामों के साथ ही और भी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुए।
पालिका सभागार में बैठक की अध्यक्षता करते हुए चेयरमैन ने कहा कि आमजन की सुविधा और सहूलियत के कामों को वरीयता पर कराया जाए। सभासदों ने नोटिस के बाद ध्यान न दिए जाने का कर्मियों पर आरोप लगाया। इस पर अधिशासी अधिकारी से कहा कि प्रत्येक नोटिस का फीडबैक अवश्य लिया जाए। अनुपालन न करने वाले कर्मी पर कार्रवाई की जाए। अधिशासी अधिकारी राजेश सिंह राणा ने सदन में रिपोर्ट पेश की। बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 20 करोड़, 54 लाख, 43 हजार, 142 रुपये मिले थे। इससे विकास कार्यों पर 19 करोड़, 20 लाख, 36 हजार, 811 रुपये खर्च किए गए।
पालिका की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 21 करोड़, 90 लाख, 97 हजार रुपये की अनुमानित आय की संभावना है। इसमें से 19 करोड़, 78 लाख, 88 हजार रुपये व्यय होने का अनुमान है। सभासदों ने खराब हैंडपंपों को रिबोर कराने की बात रखी। सभासद मयंक अग्निहोत्री ने नोटिस पर ध्यान न दिए जाने का आरोप लगाया। अंत्येष्टि स्थल के लिए तेजीपुर में सर्वसम्मति भूमि का प्रस्ताव पास हुआ। सभासद अनिल राठौर ने पेयजल व्यवस्था कराए जाने की बात कही। सभासद हाशमी ने पक्के तालाब का सुंदरीकरण कराए जाने का प्रस्ताव दिया।
सभासद इंतसार ने जरूरत के हिसाब से बिजली के सीमेंट के खंभों की खरीद का प्रस्ताव दिया। सभासद जाहिद खान ने सईद मर्द बाबा मजार के सुंदरीकरण का प्रस्ताव दिया। सभासदों की सहमति से बिजली व्यवस्था के लिए 500 एलईडी बल्ब, 50 नल रिबोर, पांच शव फ्रीजर, एक शव वाहन खरीदने का प्रस्ताव पारित हुआ।
ईओ ने बताया कि एक करोड़ रुपये से नलकूप के साथ पाइप लाइन का नगर में विस्तार कराया जाएगा। झील-पोखर योजना में करीब 50 लाख रुपये से सदहा तालाब का सुंदरीकरण कराया जाएगा। लेखा लिपिक संजय कुमार, सलमुद्दीन, सभासद अनूप, मंगतराम, सगीर, अफसर आदि सभासद मौजूद रहे।