गांव में चकबंदी प्रक्रिया को रोकने एवं चकबंदी
अफसरों द्वारा की गई अनियमितताओं की जांच कराने की मांग को लेकर गुरुवार को
एक बार फिर हिंदू नगर परगना पंडरवा के ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में जोरदार
प्रदर्शन किया तथा जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञात हो कि सात दिन
पूर्व भी ग्रामीण जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर चकबंदी प्रक्रिया रुकवाने की
मांग कर चुके हैं। इस दौरान कलक्ट्रेट धरने को संबोधित करते हुए शाहाबाद के
ग्राम हिंदू नगर परगना पंडरवा धनीराम राठौर, रामसागर और प्रताप ने कहा कि
चकबंदी अधिकारियों द्वारा प्रस्तावित चकों के अनुसार कब्जा परिवर्तन पैमाइश
कार्रवाई की जा रही।
जबकि ग्रामीणों को लेखपाल या कानूनगो या चकबंदी विभाग
के जिम्मेदारों में से किसी के द्वारा भी बनाए गए चकों का नक्शा अवलोकन
नहीं करवाया गया और न ही यह बताया गया कि ग्रामीणों का चक किन किन नंबरों
पर बनाया गया है। ग्रामीणोें ने आरोप लगाया कि गांव में पैमाइश के समय
लेखपाल और चकबंदी अधिकारियों द्वारा अपने-अपने चक सुधरवाने को सुविधा शुल्क
की मांग की जाती है।
आरोप लगाया कि न देने वालों को ऊसर और बंजर चक
देने की धमकी दी जा रही है। कहा कि ऐसी स्थिति में पैमाइश को तत्काल रोकने
की जरूरत है। ग्रामीणों ने इस दौरान जोरदार नारेबाजी की तथा डीएम रमेश
मिश्र को ज्ञापन सौंप कर चकबंदी तत्काल बंद कराने एवं चकबंदी कर्मचारियों
द्वारा की जा रही अनियमितताआें की जांच करा कार्रवाई की मांग की।
इस मौके
पर राकेश सिंह, भगवानदीन, शिवदयाल, प्रेम कुमार, अनिल कुमार, शंभू, आशाराम,
जदुनाथ, संतोष सिंह, देशराज और सत्यपाल आदि मौजूद थे।