संडीला। किसान जन जागरण अभियान के तहत शुक्रवार को क्षेत्र के ग्राम तिलोइया खुर्द में कार्यक्रम हुआ। इसमें मुख्य अतिथि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं पूछकर प्रपत्र भरवाए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार वास्तव में किसानों की हितैषी है तो किसान आयोग का गठन करे और उनके लिए विशेष बजट प्रावधान करे।
प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि छुट्टा मवेशी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। लगातार हो रहे नुकसान से आजिज आकर किसान आत्महत्या कर रहे हैं। कहा कि कांग्रेस किसानों की हमदर्द है।
कांग्रेस ने सत्ता में आने के बाद किसानों का 72 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया था। भूमि अधिग्रहण बिल लेकर आई। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सूबे की सरकार को छत्तीसगढ़ की सरकार से सबक लेना चाहिए। छत्तीसगढ़ में किसानों के लिए सरकार ने बड़ी-बड़ी गोशालाएं बनवाईं और उनका प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन करा रही है।
तीन मार्च को कांग्रेस सभी तहसील मुख्यालयों पर किसान हितों को लेकर विरोध प्रदर्शन करेगी और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेगी। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता अंशु अवस्थी, जिलाध्यक्ष आशीष सिंह, नगर अध्यक्ष हरदोई जमील अहमद, इदरीश वारसी, महताब अहमद व रफीक लंबू आदि मौजूद रहे।