हरदोई में शहर के सिनेमा रोड पर शाम को रोज की तरह ही चहल-पहल नजर आई। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : HARDOI
हरदोई। अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का एलान होने की जानकारी शुक्रवार रात ही विभिन्न संचार माध्यमों से हर किसी तक पहुंच गई थी। फैसले को लेकर उत्सुकता हर किसी को थी। लिहाजा शनिवार सुबह थोड़ा सन्नाटा नजर आया। फैसला आया और इसके बाद अमन-चैन भी कायम रहा तो शाम होते-होते लोग सड़कों पर निकल पड़े। दिनचर्या रोज की तरह दिखने लगी।
सुबह जहां दुकानें बंद रहीं तो शाम को बाजार गुलजार दिखे।
सुबह साढ़े दस बजे सुप्रीम कोर्ट के फैसले को जानने के उत्साह में बड़ी संख्या में लोगों ने दुकानें नहीं खोलीं और घरों पर टीवी सेट पर निर्णय देखा। निर्णय आने के बाद भी न सिर्फ शहर में बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी सौहार्द दिखा। शहर के एक दो क्षेत्रों में पुलिस से लेकर फायर टेंडर तक की व्यवस्था रही। बाकी जगहों पर सामान्य पुलिस बल मुस्तैद रहा।
निर्णय आने के बाद भी लोगों को हर तरफ से अमन-चैन कायम रहने की जानकारियां मिलतीं रहीं। जगह-जगह तैनात पुलिस बल ने लोगों का हौसला बढ़ाया। गुलजार शाम पूरे शहर से कहती नजर आई कि सौहार्द ऐसे ही कायम रहना चाहिए।