फोटो परिचय-35- पीड़ितों की समस्याएं सुनते डीएम रमेश मिश्र।
‘शिकायतों को समय से निपटाएं’
डीएम ने तहसील दिवस में सुनी लोगों की समस्याएं
हरदोई/सवायजपुर। भूमि पर अवैध कब्जा, चकरोडो पर अतिक्रमण के संबंध में प्राप्त शिकायतों पर पुलिस तथा राजस्व विभाग कब्जे को हटवाए। भूमि से संबंधित शिकायतों को समाधान दिवस में दोनों पक्षों को बुलाकर उसका निस्तारण कराया जाए। यह निर्देश तहसील सवायजपुर में आयोजित तहसील दिवस की अध्यक्षता करते हुए डीएम रमेश मिश्र ने दिए।
कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं का निस्तारण तुरंत कराया जाए, ताकि शिकायतकर्ता को शिकायत के निस्तारण के लिए परेशान न होना पड़े। सभी अधिकारी तहसील दिवसों की शिकायतों का रुचि लेकर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। शिकायत का निस्तारण करते समय शिकायतकर्ता को अवश्य सुना जाए एवं उसे संतुष्ट किया जाए।
कई शिकायतकर्ताओं द्वारा अत्यधिक विद्युत बिल प्राप्त होने की शिकायत करते हुए संशोधित कराने की मांग की। इस पर डीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत एके श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि विद्युत बिलो को संशोधित कराते हुए पूर्व में जिस प्रकार भुगतान होता था उसी के अनुरूप बिल जमा कराए जाए।
अभियंता ने बताया कि इन बिलों को संशोधित कराते हुए पूर्व की व्यवस्था के अनुसार 250 प्रतिमाह की दर से बिलो को जमा कराया जाएगा। तहसील दिवस में 71 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 19 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक शिकायतें राजस्व की 29, पुलिस की 19, विकास की छह, शिक्षा की दो, विद्युत की पांच, जल निगम की दो तथा आठ शिकायतें अन्य विभागों से संबंधित रही। इस मौके पर एसपी उमेश सिंह, एसडीएम सवायजपुर अविनाश कुमार, तहसीलदार आरएसडी द्विवेदी, डीसी एनआरएलएम राजेश त्रिपाठी आदि मौजूद थे।
उधर, संडीला में आईं शिकायतों का एक सप्ताह के अंदर निस्तारण न होने पर एसडीएम संजीव सिंह ने दोे अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहाकि शिकायत का समय से निस्तारण किया जाए। कहा कि शिकायत निस्तारण में तहसील जिले में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है जो काफी चिंता का विषय है।
एक प्रकरण के लंबित होने पर उन्हाेंने बीडीओ भरावन को चेतावनी दी। बीडीओ कछौना को भी एक लंबित मामले में फटकारा। उन्होंने राजस्व के लंबित कुछ मामले तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अन्य कई शिकायतों पर जिम्मेदारों को चेतावनी दी।