संडीला (हरदोई)। नई तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को बड़ी संख्या में फरियादी आए। समस्याओं के समाधान की उम्मीद से आए फरियादियों को जांच और कार्रवाई का आश्वासन मिला।
एसडीएम तान्या सिंह ने शिकायतें सुनीं। समाधान दिवस में 124 शिकायतें आईं और 13 का मौके पर निस्तारण किया गया। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि शिकायतों को समय से जांचकर निस्तारित करें। सीओ शिल्पा कुमारी, नायब तहसीलदार देवानंद श्रीवास्तव, ईओ विजेता गुप्ता, बीडीओ धर्मेश चंद्र पांडेय सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
सवायजपुर में एसडीम डॉ. अरुणिमा श्रीवास्तव ने शिकायतें सुनीं। पांच शिकायत दर्ज की गईं इसमें से एक का मौके पर निराकरण किया गया। तहसीलदार सचिंद्र शुक्ला, नायब आभा चौधरी आदि मौजूद रहीं।
बिलग्राम में एक दिव्यांग महिला घिसट-घिसटकर तहसील पहुंची। आलियापुर निवासी रेनू तहसीलदार अमित कुमार को बताया कि पिता की इकलौती संतान है और पिता की मौत के बाद पैतृक मकान पर लोगों ने कब्जा कर लिया है। समाधान दिवस में कुल 17 शिकायतें दर्ज की गईं।
उधर, तहसील के मदारपुर गांव निवासी रामशंकर ने दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी भूमि पर लोगों ने कब्जा कर रखा है। सिकरोरी के रईस, आसिफ, सफीक आदि ने दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव के सरकारी मार्ग पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है और शिकायत के बाद भी खाली नहीं कर रहे हैं।