बेनीगंज। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अतरौली कोथावां मार्ग पर दो बाइकों की टक्कर हो गई। घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई।
अतरौली थाना क्षेत्र के रेउरी निवासी हरीश्चंद्र (48) खेती करते थे। मंगलवार को मां बिटाना (75) को लेकर बाइक से कोथावां स्थित एक बैंक जा रहे थे। इस दौरान कोथावां अतरौली मार्ग पर कछौना कोतवाली क्षेत्र के बेरुआ निवासी सैफ (19) बाइक से अपनी बुआ के घर औरंगाबाद बड़हरा जा रहे थे। जरौआ मोड़ के पास दोनों बाइकों की टक्कर हो गई। घटना में घायल तीनों लोगों को सीचसी कोथावां लाया गया। यहां हरीश्चंद्र की मौत हो गई, जबकि मां बिटाना और सैफ को मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया। परिवार में पत्नी, दो पुत्री और एक पुत्र है। कोतवाल ब्रजेश राय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि घटना के बाद राहगीरों ने एंबुलेंस मंगाने के लिए फोन किया था। एंबुलेंस काफी देर तक नहीं आई तो पुलिस ने अपने वाहन से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा और परिजनों को जानकारी दी। कोतवाल ब्रजेश राय ने बताया कि एंबुलेंस आने में देर थी इसलिए पुलिस के वाहन से घायलों को सीएचसी कोथावां भेजा गया।