रामघाट कल्याण मार्ग स्थित काली नदी के पुल पर बस और ट्रक में आमने सामने से भिड़ंत हो गई। बस पुल की रेलिंग से टकरा कर रुक गई। अगर रेलिंग न होती तो बस काली नदी में गिर जाती। रुकने के बाद बस में सवार निजी स्कूल की शिक्षिकाओं को किसी तरह से बाहर निकाला गया। हादसे के बाद एक घंटे तक रामघाट कल्याण मार्ग पर जाम लगा रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को पुल से हटवाकर आवागमन शुरू कराया।
बृहस्पतिवार अपराह्न करीब दो बजे एक निजी बस अतरौली के एक प्राइवेट स्कूल के स्टाफ को लेकर अलीगढ़ जा रही थी। बस जैसे ही काली नदी के पुल पर पहुंची तो अलीगढ़ की ओर से आ रहा ट्रक उससे भिड़ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बस पुल के ऊपर बनीं ईटों की रेलिंग पर टिक गई। इससे स्टाफ में चीख पुकार मच गई। बस में ज्यादातर शिक्षिकाएं थीं।
लोगों का कहना है कि गनीमत रही कि बस काली नदी में नीचे नहीं गिरी। खिड़की साइड से रेलिंग पर बस के टिका होने से महिला शिक्षिकाओं को उतरने में काफी परेशानी हुई। इस हादसे के बाद पुल पर दोनों वाहनों के फंस जाने से रोड जाम हो गया। दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। लोगों ने सभी को जैसे तैसे बाहर निकाला। घायलों को सीएचसी हरदुआगंज ले जाया गया, जहां से सभी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। लोगों का कहना है कि पुल काफी तंग हो चुका है इस पर दो बड़े वाहनों के एक साथ गुजरने पर हादसा होने का खतरा है।