हरदोई। जिला अस्पताल की ब्लड बैंक में खून के खेल में कर्मचारियों में हुए बवाल में नाली में चार यूनिट खून बहाने के मामले में मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वाणी गुप्ता ने सीएमएस और ब्लड बैंक प्रभारी से स्पष्टीकरण तलब कर जवाब मांगा है।
जिला अस्पताल में संचालित ब्लड बैंक जिले के लोगों की जिंदगी बचाने का काम कर रही है। यहां के सहारे जिला अस्पताल व निजी अस्पतालों में मरीजों को खून की आपूर्ति की जाती है।
इन दिनों ब्लड बैंक कर्मचारियों के खेल का शिकार हो गई है। यहां पर आने वाले जरूरतमंदों के खून में खेल किया जा रहा है।
आलम यह है कि विगत शुक्रवार को ब्लड बैंक में रुपयेे के लेने देन को लेेकर कर्मचारियों में हुए विवाद में चार यूनिट ब्लड नाली में फेंकने का मामला सुर्खियों में आया था।
इसके बाद से अस्पताल के जिम्मेदार खून के खेल में पर्दा डालने का प्रयास कर रहे थे। ब्लड बैंक में खून के खेल को मंगलवार के अंक में अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
जिस पर मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वाणी गुप्ता ने सीएमएस और ब्लड बैंक प्रभारी से स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने पूरे मामले में जल्द ही जवाब देने के निर्देश दिए हैं।