हरदोई। मौसम के मिजाज बृहस्पतिवार को चौंकाने वाले रहे। सुबह घने बादलों को लेकर बारिश की आशंकाओं के बीच लोगों की गुड मार्निंग कोल्ड मार्निंग रही। सुबह देर में बादल छंटने शुरू हुए तो धूप आ गई।
दोपहर होते-होते चटख धूप ने वातावरण बदल दिया। सुबह भारी भरकम गर्म कपड़े पहनकर घरों से गंतव्य के लिए निकले लोगों को दोपहर की चटख धूप से गर्मी का अहसास हुआ और गर्म कपड़े उतारने पड़े।
शाम होनेे तक वातावरण में धूप का असर रहा, जिससे सर्दी से पूरी तरह राहत रही और लोगों के चेेेहरों पर चमक दिखाई दी। इस दौरान बाजारों में खूब रौनक रही।
बाजारों में चहल पहल रहने के साथ ही चहल कदमी रही। उधर, शाम होते ही फिर से सर्दी ने अहसास कराते हुए वातावरण को आगोश में ले लिया। मौसम वेधशाला के पर्यवेक्षक रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि मौसम के मिजाज ऐसे ही चौंकाने वाले रह सकते हैं।
आने वाले कुछ दिनों तक कभी तेज धूप तो कभी बादल छाने एवं बूंदाबांदी के आसार बने रहेंगे।