बोर्ड परीक्षा में हुई जमकर नकल
- फोटो : प्रतीकात्मक
हरदोई। माधौगंज क्षेत्र के गदारियानपुरवा स्थित राजकुमार इंटर कॉलेज में शनिवार को डीआईओएस ने सामूहिक नकल पकड़ी। केंद्र के 19 परीक्षार्थियों को रेस्टीकेट करने के साथ केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। केंद्र को डिबार घोषित करने के लिए बोर्ड को लिखा जाएगा।
यूपी बोर्ड परीक्षा में शनिवार को शाम की पाली में इंटरमीडिएट हिंदी द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा थी। डीआईओएस कमलाकर पांडेय ने शाम करीब 4:30 बजे माधौगंज क्षेत्र के गदारियानपुरवा स्थित राजकुमार इंटर कॉलेज में छापा मारा। जीने के पास जमीन पर झुंड में बैठकर 19 परीक्षार्थी नकल कर रहे थे।
उड़न दस्ता देखकर परीक्षार्थी अपने-अपने कक्ष की ओर भागे। डीआईओएस ने सभी छात्रों को रोक लिया। इस दौरान एक युवक नकल सामग्री लेकर कक्ष की ओर आ रहा था। डीआईओएस उसे पुलिस को सौंप दिया।
डीआईओएस ने बताया कि सामूहिक नकल कर रहे परीक्षार्थी कक्ष संख्या 8,9 और 10 के थे। डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापक विनोद कुमार को फटकार लगाई। देर शाम केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ माधौगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई।
माधौगंज के गदारियानपुरवा के राजकुमार इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक विनोद कुमार को हटाकर नरपति सिंह इंटर कॉलेज के सत्यप्रकाश को केंद्र व्यवस्थापक व बलराम सिंह को सहायक केंद्र व्यवस्थापक नियुक्ति किया है।
इसके अलावा इस्माइलपुर स्थित महात्मा मंगूलाल इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक आजाद सिंह को हटाकर उनके स्थान पर बीएन इंटर कॉलेज के प्रवक्ता अरुण कुमार को केंद्र व्यवस्थापक व मुखराम को सहायक केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किया है।