शाहाबाद। दो दिन की बरसात और नगर पालिका की अनदेखी से नगर में सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। क्षतिग्रस्त मार्गों के कारण लोगों को हादसों का भी भय बना रहता है।नगर में आवास विकास कॉलोनी के बाशिंदे टूटी सड़क की वजह से जगह-जगह जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं।
फूलमती मंदिर से आवास विकास कॉलोनी जाने वाली सड़क पिछले एक साल से क्षतिग्रस्त है। पूरी सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। इसके चलते यहां के लोगों को पैदल निकलना भी जोखिम भरा हो गया है। एलआईसी के रिटायर विकास अधिकारी बिहारी लाल सिंघारिया, संदीप देवल, नर सिंह, विजय कुमार गुप्ता ने बताया पिछले एक साल से सड़क पूरी तरह से खराब है। बारिश के समय सड़क के गहरे गड्ढों में पानी भर जाता है।
इसकी वजह से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से हमेशा जलभराव की स्थिति बनी रहती है। हमेशा दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के साथ हादसे का खतरा बना रहता है। कॉलोनी के निवासियों ने पालिका के अधिकारियों से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने और सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। उधर नगर के रजिस्ट्री कार्यालय के सामने सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए है। इस मार्ग पर गुजरने वाले अक्सर लोग दुर्घटना के शिकार हो जाते है, लेकिन संज्ञान में होने के बावजूद गहरे गड्ढे को अभी तक पाटा नही गया है।
-
बरसात के दौरान जो सड़क क्षतिग्रस्त हुईं हैं उनका सर्वे कराया जा रहा है। एक पखवारा के भीतर ठीक कर दिया जाएगा।
- सर्वेश कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका शाहाबाद