फोटो-17-अन्नू तिवारी की फाइल फोटो।
- फोटो : HARDOI
शराब पीकर लौट रहे एक ही बाइक पर सवार तीन दोस्त सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराए। घटना में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो मामूली रूप से घायल हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
अतरौली थाना क्षेत्र के महमदापुर गांव के मजरा झंझौली निवासी अन्नू तिवारी (26) पुत्र नन्हाराम अपने साथियों आशाराम (32) पुत्र सालिकराम और विजय कुमार (28) पुत्र सत्य नारायण के साथ शुक्रवार रात शराब पीने के लिए अतरौली चौराहा गए थे।
रात लगभग 12 बजे तीनों शराब पीकर गांव लौट रहे थे। अतरौली भटपुर मार्ग पर थाने से लगभग पचास मीटर की दूरी पर विपरीत दिशा से आ रही डीसीएम की लाइट पड़ने से बाइक चला रहा आशाराम अनियंत्रित हो गया।
इसके चलते बाइक सड़क से बांईं तरफ से दाईं तरफ जाते हुए सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। घटना में बाइक सवार अन्नू तिवारी जो बीच में बैठा था, वह सिर के बल पेड़ से जा टकराया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घायल विजय कुमार और आशाराम रात में ही उठकर गांव की तरफ चल दिए और कुछ दूर जाकर खंती में गिर गए। इस बीच अतरौली पुलिस को घटना की जानकारी हुई तो पुलिस ने जांच शुरू की।
तब तक सुबह हो गई और विजय कुमार व आशाराम होश में आ गए तब उन्होंने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। अन्नू तिवारी अविवाहित था और तीन भाईयों में दूसरे नंबर का था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।