गांवों को सशक्त बनाए जाने के उद्देश्य से आठ सितंबर से चलाए जा रहे सशक्त अभियान गांव विकसित प्रदेश के तहत जनपद की ग्राम पंचायतों में चौपाल लगाई जा रही हैं। गुरुवार को बिलग्राम के गुजराई में जिलाधिकारी भी पहुंच गए। वहां लापरवाही पर वीडीओ, एडीओ व बीडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी कर दी।
विकास खंड बिलग्राम के ग्राम गुजराई पहुंचने पर जिलाधिकारी विवेक वार्ष्णेय ने पाया कि रोस्टर के अनुसार ग्राम पंचायत गुजराई में संबंधित अधिकारियों ने बैठक की कोई व्यवस्था नहीं की थी। गांव वालों को भी इसकी जानकारी नहीं थी। नोडल अधिकारी, बीडीओ, एडीओ, ग्राम पंचायत अधिकारी सभी अनुपस्थित पाए गए।
ग्रामीण एराज हुसैन, कय्यूम खान, अवधेश कुमार, राजेश, गुफरान अली आदि ने जिलाधिकारी को बताया कि गांव में कहीं कोई बैठक नहीं हो रही है और न ही इसकी सूचना किसी ने दी है। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत अधिकारी गुजराई, एडीओ पंचायत बिलग्राम, खंड विकास अधिकारी बिलग्राम को प्रतिकूल प्रविष्टि एवं जिला पंचायत राज अधिकारी व नोडल अधिकारी गुजराई सहायक निदेशक मत्स्य को चेतावनी जारी किये जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने बिलग्राम के ही ग्राम पंचायत तरौली में पहुंचकर ग्राम सभा की बैठक का जायजा लिया। यहां पर ग्रामवासी एवं अधिकारी मौजूद थे। बिलग्राम में आयोजित विकलांग चिह्नीकरण शिविर का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीसी मनरेगा, खंड विकास अधिकारी बिलग्राम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।