हरदोई। बिलग्राम कस्बा निवासी रिश्तेदार के घर से शनिवार दोपहर लापता हुआ 10 साल का बच्चा चाइल्ड लाइन की कोशिश के चलते 24 घंटे के बाद माता पिता के पास पहुंच गया। टीम ने परिजनों को तलाश कर उन्हें हरदोई बुलाया और औपचारिकताएं पूरी कर बच्चे को पिता को सौंप दिया।
कन्नौज के शहर कोतवाली के ग्राम मुबारकपुर टीला निवासी प्रेमचंद्र शनिवार को पत्नी उर्मिला व 10 वर्षीय बेटे कुलदीप के साथ हरदोई के कस्बा बिलग्राम निवासी रिश्तेदार के घर में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। दोपहर में लगभग दो बजे घर के बाहर कुलदीप अचानक लापता हो गया।काफी तलाश किया गया, लेकिन कुलदीप नहीं मिला।
इधर कुलदीप को कस्बे में भटकता देख कुछ लोगों ने उसे कोतवाली पहुंचा दिया। सूचना मिलने के बाद चाइल्ड लाइन प्रभारी अनूप कुमार की टीम बच्चे को हरदोई ले आई और काउंसलिंग की। जिसमें बच्चे ने हाजी बाबा के स्थान का जिक्र किया। चाइल्ड लाइन टीम ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि हाजी बाबा नाम का एक स्थान कन्नौज में है।
टीम ने किसी तरह प्रेमचंद्र को तलाश कर उसे कुलदीप के कुशल होने की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद रविवार को प्रेमचंद्र व अन्य परिजन चाइल्ड लाइन ऑफिस पहुंचे, जहां औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चे को परिजनों को सौंपा।