हरदोई। मझिला थाना क्षेत्र में पिहानी-शाहाबाद मार्ग पर अयारी गांव के पास कार ने पिता के साथ चप्पल खरीदने बाजार आए बच्चे को टक्कर मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव रखकर जाम लगा दिया। हालांकि 10 मिनट बाद ही कार्रवाई के आश्वासन पर जाम खुल गया।
मझिला थाना क्षेत्र के अहेमी गांव निवासी सोनपाल शुक्रवार को अपने पुत्र लकी (8) को चप्पल खरीदवाने के लिए अयारी बाजार ले गए थे। चप्पल खरीदने के बाद लकी सड़क के पास ही खड़ा था। इसी दौरान शाहाबाद की तरफ से आई तेज रफ्तार कार ने लकी को टक्कर मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से भाग निकला। घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव रखकर जाम लगा दिया। इसकी जानकारी पर मझिला के थानाध्यक्ष सुब्रत नारायण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कार चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया तो ग्रामीण मान गए।
थानाध्यक्ष ने बताया कि कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।