हरदोई। मंगलवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गेहूं खरीद केंद्र प्रभारियों व केंद्र पर मौजूद किसानों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बात कर खरीद का फीडबैक लेंगे। इसके साथ ही खरीद की समीक्षा भी करेंगे। रविवार को खाद्य आयुक्त मनीष चौहान ने इस संबंध में सभी एजेंसी प्रमुखों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
रबी विपणन वर्ष के तहत प्रदेश के साथ ही जनपद में भी 1 अप्रैल से गेहूं की खरीद जारी है। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश भर में चिह्नित केंद्र प्रभारी व उनके केंद्र पर मौजूद किसानों से वीसी के माध्यम से वार्ता करेंगे।
केंद्र प्रभारियों को इसके लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग का कोड उपलब्ध कराया जाएगा। रविवार को खाद्य आयुक्त मनीष चौहान ने इस इस संबंध में आदेश जारी कर दिए।
जनपद से भी वीडियो कांफ्रेंसिंग में केंद्र प्रभारी व किसान शामिल होंगे। इस संबंध में निर्देश मिलने के बाद अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडेय ने बताया कि इस संबंध में निर्देश मिल गए हैं। केंद्र प्रभारियों को वीसी में शामिल होने के लिए निर्देशित किया गया है।