एसडीएम संजीव सिंह ने भरखनी ब्लाक के पछोहा इलाके के लगभग 25 गांव जो विधानसभा क्षेत्र सवायजपुर का हिस्सा हैं, में मतदाता सूचियों में गड़बड़ी व नए नाम जोड़ने व घटाने की जांच सवायजपुर के लेखपालों से लेकर शाहाबाद तहसील को सौंपने का आदेश जारी कर दिया है। ऐसे में मतदाता बनने के आवेदनों की जांच का कार्य प्रभावित होने की पूरी आशंका बन गई है।
उपजिलाधिकारी ने तहसील सभागार में दीपावली से पूर्व हुई लेखपालों की बैठक में कहा कि यहां के लेखपाल यहीं का कार्य करेंगे। इस संबंध में एसडीएम ने शाहाबाद के एसडीएम को पत्र लिखा और जांच पत्रावलियां शाहाबाद तहसील भेजने की बात कही।
वहीं शुक्रवार को तहसील में अवकाश के बावजूद उक्त गांव की पत्रावलियां लेखपालों द्वारा जमा की गईं। इन्हें शाहाबाद तहसील में भेजा जाएगा। गौरतलब है कि सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र में जिला पंचायत व बीडीसी पंचायत चुनाव में मतदाता सूचियों में बड़ी संख्या में गड़बड़ी की शिकायत पर डीएम रमेश मिश्र ने नाराजगी जताई तथा इसके बाद तहसील से 15 टीमों का गठन कर तीन लेखपालों की टीमें बनाकर एक-एक गांव में जांच का जिम्मा सौंपा।
इधर जब लेखपाल गांवों की जांच का कार्य तेजी से कर रहे थे तो एसडीएम ने चांदपुर, कूड़ी, आमतारा, कहारकोला, भावरकेशोपुर, सुल्तानपुर खेरिया, कुरारी, नईबस्ती, मुड़रामऊ, चकराछा, मलिक बिल्सरी, घसो, चांदपुर सहित लगभग 25 गांवों की पत्रावलियों की जांच शाहाबाद से कराने का आदेश जारी कर दिया।
ऐसे में काफी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सूत्रों का कहना है कि इन निर्देशों से निश्चित तौर पर कार्य विलंब से होगा। शाहाबाद से जांच कब पूरी होगी और कब इनकी फीडिंग कराई जा सकेगी। पछोहा के जो गांव शाहाबाद तहसील के तहत आते हैं, उनका चुनाव संबंधी कार्य यही से होता है।
ऐसे में लोगों को दो तहसील की दौड़ लगानी की समस्या आन पड़ सकती है। शुक्रवार को पछोहा के दस गांवों की जांच पत्रावलियां तहसील से शाहाबाद भेजने की बात लिपिक कुमार सौरभ ने कही। एसडीएम संजीव सिंह का मोबाइल जहां स्विचऑफ रहा। वहीं तहसीलदार रामसुमेरनधर द्विवेदी ने बताया कि शाहाबाद क्षेत्र की पत्रावलियों की जांच वहीं के लेखपालों से कराने के लिए एसडीएम ने निर्देश जारी किए हैं।
इसी के क्रम में पत्रावलियां यहां के लेखपालों से जमा कराई जा रही हैं। जबकि शाहाबाद एसडीएम अशोक शुक्ल का इस तरफ कहना है कि अभी उन्हें सवायजपुर एसडीएम की तरफ से कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। यदि आया तो वह अपने यहां का कार्य निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित कराएंगे।