मल्लावां। रंजिश के चलते दो पक्षों में पहले रामपुर बाजार व इसके बाद सीएचसी में मारपीट हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन तक एक पक्ष के लोग भाग निकले। बाद में दोनों पक्षों ने कोतवाली पहुंच कर तहरीर दी और मारपीट व लूट का आरोप लगाया। कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मंसूरपुर निवासी मिथलेश मिश्रा उर्फ नन्हे भइया पुत्र स्व. राधेश्याम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रामपुर निवासी प्रकाश पुत्र गिरवर प्रसाद से उसकी रंजिश है। मंगलवार की दोपहर को वह पत्नी के साथ बैंक से रुपये निकालने गया था। वापस आते वक्त रामपुर बाजार में प्रकाश व अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की, जिसमें वह घायल हो गया। वह इलाज कराने सीएचसी गया, पीछे से यूपी 112 की टीम मौके पर आ गई। बताया कि वह इलाज करा रहा था, इसी बीच प्रकाश पांच साथियों के साथ सीएचसी आया और फिर से उसके साथ मारपीट की। इन लोगों ने उसकी सोने की चेन व मोबाइल छीन लिया। मौके पर मौजूद यूपी 112 की टीम ने किसी तरह बीच बचाव कराया और कोतवाली में सूचना दी। सूचना मिलने के बाद कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस के आने से पहले मारपीट करने वाले मौके से भाग गए। वहीं, दूसरे पक्ष से प्रकाश के भतीजे श्याम सिंह पुत्र मूलचंद्र निवासी रामपुर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह रामपुर बाजार में स्थित अपनी सराफ की दुकान पर बैठा था। दोपहर में मिथलेश अपने चार साथियों के साथ आया और गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर इन लोगों ने उसके साथ मारपीट की और दुकान से 100 ग्राम सोना व दो किलोग्राम चांदी उठाकर भाग गए। कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में मारपीट होने की बात पता चली है। घटना की जांच की जा रही है।