हरपालपुर। जनपद में संचालित गोशालाओं में रखे गए मवेशियों की संख्या में हो रही आंकड़ेबाजी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर पशु चिकित्साधिकारियों और खंड विकास अधिकारी ने हरपालपुर विकास खंड की मिरगावां गोशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान यहां 48 मवेशी ही मिले। मवेशियों को हरा चारा न दिए जाने की पुष्टि भी हुई। हालांकि पशु चिकित्साधिकारियों ने सभी मवेशियों के स्वस्थ होने का दावा किया।
रविवार को अमर उजाला ने जनपद की अलग-अलग गोशालाओं की पड़ताल कर खबर सोमवार के अंक में प्रकाशित की थी। इस दौरान हरपालपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत मिरगावां में संचालित गोशाला में भी शासन को भेजी गई रिपोर्ट से कम मवेशी होने का पता चला था। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद सोमवार को पशु चिकित्साधिकारी हरपालपुर डॉ. बच्चा सिंह मौके पर पहुंचे थे और उन्हें भी 48 मवेशी ही मिले थे। अन्य मवेशियों के खाई नीची होने के कारण इधर-उधर चले जाने की बात उन्होंने कही थी। मंगलवार को उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रकाशवीर, जिला मुख्यालय के उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी सर्वेंद्र शाह, डॉ. बच्चा सिंह, डॉ. संतोष वर्मा, बीडीओ हरपालपुर रोहिताश्व कुमार मौके पर पहुंचे। यहां मंगलवार को भी 48 मवेशी ही मिले। मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। पूरी टीम ने हरा चारा न उपलब्ध होने की बात स्वीकार करते हुए इसकी व्यवस्था कराए जाने की बात कही। टीम के पहुंचने पर भी ग्राम सचिव मौके पर नहीं मिले।