फोटो- 25- चांदनी देवी। स्रोत: स्वयं
हरदोई। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की तरफ से आयोजित अंडर-19 महिला क्रिकेट के राज्य स्तरीय फाइनल ट्रायल में जिले की दो खिलाड़ियों का चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ी 20 जून को कानपुर के कमला क्लब के मैदान पर होने वाले मैच में हिस्सा लेंगे। वहां से चयनित होने के बाद राज्य स्तरीय टीम में शामिल हो सकेंगी।
अंडर-19 महिला क्रिकेट राज्य स्तरीय फाइनल ट्रायल शनिवार को खेला जाएगा। इसमें चयनकर्ताओं के सामने जिले की दो खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। हरदोई डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभात कुमार वर्मा ने बताया कि फाइनल चयन में कोथावां के जमकुहिया गांव निवासी किसान राजपाल वर्मा की बेटी चांदनी देवी प्रतिभाग करेंगी। चांदनी ने उत्तरांचल बॉयज प्रशिक्षण केंद्र से विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य क्रिकेट में ऊंचाइयों तक पहुंचकर हरदोई का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करना है।
वहीं, बघौली क्षेत्र के गिरजाखेड़ा गांव निवासी किसान अरविंद कुमार की बेटी नेहा ने श्री तुलसी आश्रम बघौली इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में लखनऊ स्थित हरिकेन क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। दाएं हाथ की तेज गेंदबाज नेहा ने भी अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनके चयन की खबर से जिले के क्रिकेट प्रेमियों और खेल जगत में खुशी की लहर है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
फोटो- 25- चांदनी देवी। स्रोत: स्वयं