हरदोई। गर्मी की छुट्टी में नियमित ट्रेनों में होने वाली भीड़ से राहत देने के लिए रेलवे ने चंडीगढ़ से पटना के बीच विशेष ट्रेन का संचालन किया है। इस ग्रीष्मकालीन विशेष एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव हरदोई स्टेशन पर भी सुनिश्चित कर दिया गया है। इससे जिले के यात्रियों को भी बिहार और पंजाब की ओर जाने के लिए एक बेहतर और सीधा विकल्प मिल गया है।
गर्मी की छुट्टी के दौरान कई लोग अपने घर और पर्यटन स्थलों पर सफर करने जाते हैं। इस वजह से नियमित ट्रेनों में काफी भीड़ हो जाती है। नियमित ट्रेनों में टिकट तक नहीं मिल पाते हैं और लोगों को परेशान होना पड़ता है। रेलवे ने यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए ही अब पटना से चंडीगढ़ के बीच में विशेष ट्रेन के संचालन के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि गाड़ी संख्या 04512 और 04511 चंडीगढ़-पटना ग्रीष्मकालीन विशेष एक्सप्रेस का संचालन साप्ताहिक किया जाएगा।
इस ट्रेन में एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए गए हैं। यह ट्रेन चंडीगढ़ से प्रत्येक बृहस्पतिवार को चलेगी, जबकि पटना से शुक्रवार को वापसी करेगी। हरदोई स्टेशन पर चंडीगढ़ से पटना के दौरान ट्रेन 04512 सुबह 08:54 बजे हरदोई पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 08:56 बजे पटना के लिए रवाना होगी। इसी प्रकार पटना से चंडीगढ़ के दौरान ट्रेन 04511 सुबह 10:58 बजे हरदोई स्टेशन पर रुकेगी और 11:00 बजे चंडीगढ़ जाएगी।