राजस्व एवं पुलिस विभाग अभियान चलाकर चकरोडों से
अतिक्रमण को हटवाएं। सभी चकरोडों को एक सप्ताह के अंदर कब्जा मुक्त कराया
जाए। यह बात तहसील सवायजपुर में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस की अध्यक्षता
करते हुए डीएम रमेश मिश्र ने कही।
उन्होंने आपूर्ति विभाग को निर्देश
दिए कि अनाज एवं मिट्टी के तेल का उठान गोदामों में जिस दिन किया जाए उसी
दिन एसडीएम को सूचित किया जाए और संबंधित लेखपाल गांव में राशन के उठान की
जानकारी दें। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि जिस दिन उठान हो उसी दिन राशन
कोटे की दुकान पर पहुंचना चाहिए।
उठान के बाद यदि राशन उसी दिन कोटे की
दुकान पर नहीं पहुंच रहा, तो संबंधित कोटेदार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराकर
कार्रवाई की जाए। राशन मिट्टी के तेल के वितरण के संबंध में प्राप्त
शिकायतों में जांच की जाए और शिकायत सही पाने पर उसी दिन कोटा निलंबन की
कार्रवाई की जाए।
तहसील दिवस में ज्यादा विद्युत बिल आने की कुछ
शिकायतें प्राप्त होने पर डीएम ने एक्सईएन विद्युत प्रथम खंड एसके
श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि त्रुटिपूर्ण बिलों को ठीक कराया जाए। डीएम ने
एसओ को निर्देश दिए कि डग्गामार वाहनों, गलत ढंग से वाहन चलाने वालों,
यातायात नियमों का पालन न करने वालों पर अभियान चला कार्रवाई की
जाए।
उधर, तहसील दिवस में 67 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से 25 शिकायतों
का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व की 27,
पुलिस की 18, विकास की 14, आपूर्ति की तीन तथा अन्य विभागों से संबंधित
पांच शिकायतें प्राप्त हुई। इस मौके पर एसपी उमेश सिंह, सीएमओ डा.
वीके गुप्ता, सीओ हरपालपुर नीतेश सिंह आदि थे।
उधर,
संडीला में एसडीएम संजीव सिंह की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में 53
शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया
गया। शेष शिकायतों को एक सप्ताह में निस्तारित करने के निर्देश संबंधित
अफसरों को दिए गए।