भारतीय जनता पार्टी गौवंश विकास प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय सह संयोजक सुनील शुक्ला ने शहर में संचालित जुएं के अड्डे और नशे के कारोबार पर प्रशासन द्वारा पाबंदी न लगाने की बात कही है। शनिवार को पत्रकारों से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि यह अवैध कारोबार प्रशासन की सांठगांठ से चल रहा है।
ऐसे में पूर्व में दिए गए ज्ञापन पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, पर अब प्रकोष्ठ द्वारा धरना और प्रदर्शन किया जाएगा। शहर में तमाम स्थानों और रसूखदाराें के संरक्षण में जुएं के अड्डे संचालित होने की जानकारी भारतीय जनता पार्टी गौवंश विकास प्रकोष्ठ अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय सह संयोजक एवं गौरक्षक सुनील शुक्ला ने दी।
उन्होंने पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रशासन की सांठगांठ से जुएं के अड्डे चल रहे हैं। इसके अतिरिक्त स्मैक, अफीम, चरस और अवैध शराब की तस्करी का कारोबार भी फलफूल रहा है। उन्होंने बताया कि दबंगों द्वारा चारागाह की भूमि पर कब्जे हो रहे हैं और जनपद में तमाम स्थानों पर अभी भी गौहत्याएं की जा रही हैं।
बताया कि इन तमाम बिंदुआें के निस्तारण के लिए बीते चार अगस्त को एक ज्ञापन भी दिया गया था, पर जानकारी कराई गई तो पता चला कि ज्ञापन न तो गवर्नर तक भेजा गया है और न ही कार्यालय में मौजूद हैं। कहा कि ऐसे में निस्तारण होना तो दूर कुछ मामले बढ़ भी गए।
उन्होंने कहा कि डालडा और कताई मिल को चालू कराया जाए, चीनी मिल को नीलाम कराया जाए, गोपामऊ चौकी को थाने का दर्जा मिले और बावन की बलेहरा ग्राम सभा के प्रधान पप्पू सिंह पर धारा 376 का फर्जी मुकदमा लगाकर जेल भेजने की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।
उन्होंने पाली, शाहाबाद और गोपामऊ में गोहत्या और गो-तस्करी पर रोक लगाने, गोपामऊ में पीएसी लगवाने, बेनीगंज में गाय को मार डालने के मामले में खुलासे की मांग की। उन्होंने बताया कि इन समस्त मांगों को लेकर प्रकोष्ठ द्वारा आठ सितंबर को कलक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया जाएगा और अन्यथा की स्थिति में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की जाएगी।