हरदोई। विकास भवन में आईएएस मुख्य विकास अधिकार ने कार्यभार ग्रहण करते ही व्यवस्थाएं दुरुस्त करना शुरू कर दिया। अधिकारी व कर्मचारियों को कार्यालय का टाइम टेबल याद कराने के लिए सुबह व शाम की उपस्थित अलग अलग पंजिकाओं पर लेने के निर्देश दिए गए। ताकि उनके आने में विलंब और जाने में जल्दबाजी पर रोक लगाई जा सके।
जनपद के अधिकारी और कर्मचारी की कार्यशैली की टाइम टेबल पर नहीं रह गई है। तमाम विभाग के अधिकारी और कर्मचारी देर से कार्यालय आते हैं और दोपहर को दो बजने तक चले जाते हैं। सोमवार को आए आईएसए मुख्य विकास अधिकारी टीके शिबु को भी इस कार्यशैली का पता चला तो उन्होंने सुबह 10 बजे और शाम पांच बजे की उपस्थिति लेने का आदेश दे दिया।
चार वर्ष पहले भी वर्ष 2012 में जब आईएएस अधिकारी चैत्रा वी जनपद आईं थी तो उन्होंने भी अधिकारी व कर्मचारियों को टाइम टेबल से कार्यालय आने और जाने की आदत डलवाई थी। उनके स्थानांतरण के बाद गाड़ी पुराने ढर्रे पर आ गई, जबकि एक बार फिर मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन की कार्यशैली को टाइम टेबल पर लाने का प्रयास किया है।
सीडीओ ने सभी विभागों के अधिकारियों को आदेश दिया कि कार्यालय में सुबह 10 बजे के रजिस्टर के साथ शाम पांच बजे का रजिस्टर भी बनेगा जो उनके पास रखा जाएगा। शाम पांच बजे के रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के लिए विभागीय अधिकारी रजिस्टर मंगवाएंगे और 5:15 बजे तक वापस कर देंगे। इसी प्रकार सुबह 10 बजे के रजिस्टर का भी अवलोकन प्रतिदिन किया जाएगा। समय पर न आने वालों पर कार्रवाई होगी।