फोटो 05 : एआरपी की परीक्षा देकर बाहर निकलते शिक्षक। संवाद
- एआरपी की परीक्षा के लिए 150 शिक्षकों ने किए थे आवेदन
- सीडीओ, बीएसए सहित पर्यवेक्षक ने परीक्षा पर रखी नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। एआरपी चयन के लिए शुक्रवार को प्रथम चरण की परीक्षा हुई। परीक्षा के लिए मुख्य विकास अधिकारी सौम्या गुरूरानी ने तीन-तीन सेट में से प्रश्नपत्रों का चयन किया। एआरपी के लिए आवेदन करने वाले 150 शिक्षकों में 19 शिक्षकों ने परीक्षा से दूरी बना ली। 131 शिक्षकों ने हिंदी, अंग्रेजी, गणित और सामाजिक विषय के सवालों के जवाब दिए। उत्तरपुस्तिकाओं को सील कर रखवा गया है।
बेसिक शिक्षा विभाग में एआरपी के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई है। परीक्षा समन्वयक सीडीओ ने परीक्षा केंद्र बनाए गए हरदेवगंज विद्यालय पर प्रश्न पत्र के विषयवार तीन-तीन सेट मंगवा लिए। उनमें से औचक तौर पर प्रश्न पत्रों का चयन किया। उन्हीं प्रश्न पत्रों से परीक्षा ली गई।
बीएसए विजय प्रताप सिंह और पर्यवेक्षक अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी अजय कुमार सागर की मौजूदगी में प्रश्न पत्र खोले गए और परीक्षा कराई गई। एआरपी के लिए सुबह की पाली में 74 शिक्षकों को बुलाया गया था। जिसमें से 62 ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 12 गैरहाजिर रहे। बीएसए ने बताया कि दूसरी पाली में 76 शिक्षकाें को बुलाया गया था। जिसमें से 69 शिक्षकों ने परीक्षा में भाग लिया और 9 गैरहाजिर रहे। कुल 150 में से 131 शिक्षक परीक्षा में शामिल हुए।
60 प्रतिशत अंक लाने वाले शिक्षकों को दूसरे चरण में बुलाया जाएगा
सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पारदर्शी तरीके से कराया जाएगा। प्रथम चरण की परीक्षा में 60 प्रतिशत अंक लाने वाले शिक्षकों को ही दूसरे चरण की परीक्षा में बुलाया जाएगा। ऐसे ही दूसरे चरण की परीक्षा में 60 प्रतिशत अंक लाने वालों को तीसरे चरण की परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। तीनों चरणों की परीक्षा में 60-60 प्रतिशत अंक लाने वाले शिक्षकों की चयन के लिए सूची तैयारी होगी।