हरदोई। जल संचयन और संरक्षण व संग्रहण के लिए गांवों में बनवाए जा रहे अमृत सरोवर की कम प्रगति पर सीडीओ ने नाराजगी जाहिर की है।
उन्होंने सभी कार्यक्रम अधिकारियों और अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों से कहा है कि काम तेजी से कराते हुए एक सप्ताह में 50 प्रतिशत अमृत सरोवर पूरे करा लिए जाएं। कहा कि इनकी फीडिंग भी पोर्टल पर सुनिश्चित की जाए। इसमें लापरवाही पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
अमृत सरोवर की प्रगति की समीक्षा में सीडीओ सौम्या गुरुरानी ने पाया कि 810 में से अभी तक 45 ही अमृत सरोवर पोर्टल पर फीड कराए गए हैं। बताया कि विकास खंड माधौगंज, कोथावां, हरपालपुर, टोडरपुर, पिहानी, बेहंदर, टड़ियावा, हरियावां, भरावन, शाहाबाद, सुरसा, भरखनी, अहिरोरी, बिलग्राम, कछौना, मल्लावां, सांडी और संडीला की प्रगति ठीक नहीं मिली है।
सभी कार्यक्रम अधिकारियों और अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों से कहा गया है कि काम में तेजी लाएं। लोकसभा चुनाव के कामों के साथ ही इन कामों पर विशेष ध्यान दिया जाए। (संवाद)