हरदोई। प्रधान के विरुद्ध पंचायतीराज अधिनियम के तहत आधी-अधूरी जांच आख्या पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने समिति में नामित अधिकारियों को दोबारा जांच के आदेश दिए हैं।
कहा है कि प्रधान के विरुद्ध में जांच में लापरवाही न की जाए। शिकायतकर्ता और ग्रामीणों को जांच के समय सुना जाए और उनके बयान भी लिए जाएं। विकास खंड टड़ियावां की ग्राम पंचायत थोकखाला के प्रधान के विरुद्ध गांव निवासी विनोद कुमार, अरमान खां आदि की शिकायत पर डीएम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी व लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता श्री कृष्णकांत मिश्रा को नामित किया है। जांच समिति की ओर से 26 अप्रैल को जांच फोटोयुक्त आख्या प्रस्तुत की गई। जांच आख्या के परीक्षण में स्पष्ट हुआ कि जांच समिति ने शिकायतकर्ता और ग्रामीणों के बयान ही नहीं लिए हैं। सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने नाराजगी जाहिर करते हुए दोबारा से जांच करते हुए निष्कर्ष सहित रिपोर्ट एक सप्ताह में प्राप्त कराने के आदेश दिए हैं। डीपीआरओ विनय कुमार सिंह ने बताया कि जांच समिति को पत्र भेजा गया है। कहा गया है कि जांच की पहले से ही शिकायतकर्ता को जानकारी दी जाए। ग्रामीणों के भी बयान दर्ज किए जाएं।