मल्लावां। कोतवाली क्षेत्र के तेजीपुर गांव में सोमवार रात चोरों ने फौजी के घर को निशाना बनाया। शौचालय की छत से मकान में घुसे चोरों ने नगदी और लाखों के जेवर पार कर दिए।
तेजीपुर निवासी मोहित चौहान पुत्र कृष्ण कुमार सिंह सेना में कमांडो हैं। यहां गांव में पिता व उसकी पत्नी, बच्चे रहते हैैं। पिता कृष्ण कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि सोमवार रात वह बाहर बरामदे में सो रहे थे, जबकि बहू व बच्चे घर के बाहरी कमरे में थे। देर रात शौचालय की छत से मकान में घुसे चोरों कमरों के ताले तोड़ दिए।
बक्सों में रखे 50 हजार रुपये व सोने के दो हार, छह कंगन, एक चेन, एक जोड़ी झुमकी, दो जोड़ी झाले, छह अंगूठी, दो जोड़ी मांग बेंदी समेत अन्य सामान चुरा ले गए। बताया कि मंगलवार सुबह बहू कमरे में गई तो कमरों के ताले टूटे व सामान बिखरा मिला। इस पर उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी। प्रभारी कोतवाल रामगोपाल गंगवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।