फोटो-09- चोरी के बाद अलमारी दिखाते नसीर। संवाद
संडीला। नगर के मोहल्ला माकूम कुआं में किसान नेता के मकान को चोरों ने निशाना बनाया। सोमवार रात चोरों ने 4.86 लाख रुपये और लगभग एक लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए।
भारतीय किसान यूनियन (अंबावता गुट) के राष्ट्रीय सचिव नसीर खान प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि वह परिवार के साथ सोमवार रात घर में सोए थे। शनिवार सुबह लगभग पांच बजे उनकी पत्नी आसमा बेगम को छत पर कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी। इस पर जब उन्होंने पड़ताल की तो मकान का पिछला दरवाजा खुला मिला। वहां बना कमरा और उसमें रखी अलमारी भी खुली मिली। अलमारी का सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी से सोने की एक अंगूठी और एक लॉकेट, चांदी की चेन और एक जोड़ी पायल गायब मिली।
इसके बाद जब नसीर अपने कमरे में पहुंचे तो वहां रखे प्लॉट बिक्री के 4.86 लाख रुपये से भरा बैग भी गायब मिला। इसकी जानकारी मिलते ही परिजन सकते में आ गए। पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी देखे। कोतवाल वीरेंद्र पंकज ने बताया कि जांच के लिए कुछ डीवीआर कब्जे में लिए गए हैं। प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध लग रही है लेकिन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।