बेहंदर। कासिमपुर थाना क्षेत्र के जमसारा के मजरा कुटी गांव में बुधवार रात चोरों ने दुकानदार के मकान को निशाना बनाया। चोर यहां से नकदी और जेवर चोरी कर ले गए। दुकानदार की तहरीर पर गांव के ही तीन लोगाें के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जमसारा के मजरा कुटी निवासी मस्तराम उर्फ विनय कुमार की गांव में ही परचून की दुकान है। बुधवार रात विनय खाना खाने के बाद परिजनों के साथ छत पर सो गए थे। रात में किसी समय चोरों ने मकान के पीछे के दरवाजे को तोड़ दिया और अंदर घुस गए। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे जेवर और रुपये चोरी कर लिए। बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे जागने पर विनय को घटना का पता चला। जानकारी पुलिस को दी।
थानाध्यक्ष आदित्य मौर्य ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने भी मौके की जांच की है। विनय की तहरीर पर गांव के ही सुभाष, आसीन और शिव बालक के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया है। चोरी किए गए जेवरों और नकदी के बारे में विनय ने कोई स्पष्ट सूचना नहीं दी। इसकी जानकारी बाद में देने के लिए कहा है।