फोटो-31-सांडी थाने में बेहोश हुई सराेजनी को संभालती महिलाएं। वीडियोग्रैब
हरदोई। लोनार कोतवाली क्षेत्र के साबिरपुर निवासी सर्राफ पर शिकंजा कसता जा रहा है। बृहस्पतिवार को शहर कोतवाली में 33 लाख रुपये का सोना हड़प लेने के बाद अब सांडी में भी एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें 31 लाख रुपये का सोना हड़प लेने और रुपये मांगने पर सराफ और उसके बेटों पर गाली-गलौज करने का आरोप है। सर्राफ के खिलाफ अब कुल तीन प्राथमिकी दर्ज हो चुकी हैं। इनमें से एक में उसके दोनों बेटे भी आरोपी हैं।
सांडी के नवाबगंज पूर्वी निवासी अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि उनकी दुकान अरविंद ज्वेलर्स के नाम से है। साबिरपुर निवासी विपिन गुप्ता की दुकान आरएस ज्वेलर्स के नाम से चचरापुर गांव में थी। बताया कि विपिन ग्राहकों को दिखाने और बेचने के लिए उनसे सोना ले जाते थे। समय-समय पर भुगतान भी करते थे। बताया कि सात अप्रैल तक 210 ग्राम सोने के रुपये विपिन पर बकाया हो गए थे। इसका तकादा करने पर 16 फिर 22 और फिर 24 अप्रैल को कुछ रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी किए।
22 मई तक विपिन पर 32 लाख रुपये बाकी थे। 23 मई को उसने एक लाख रुपये का भुगतान किया था। इसके बाद 31 लाख रुपये बाकी रह गए थे। बताया कि 27 मई की शाम उन्होंने विपिन की दुकान पर तकादा करने के लिए अपना कर्मचारी भेजा। आरोप है कि विपिन और उनके बेटों प्रिंस गुप्ता व पीयूष गुप्ता ने कर्मचारी से गाली-गलौज कर भगा दिया और रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। सांडी के प्रभारी निरीक्षक बसंत राम ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पेट काटकर बनवाए थे जेवर, दिलवा दो कह बेहोश हुई सरोजनी
साबिरपुर निवासी विपिन गुप्ता बड़ी संख्या में महिलाओं के जेवर भी लेकर गायब हुआ है। इस मामले की प्राथमिकी दो जून को पुलिस दर्ज कर चुकी है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष सांडी थाने पहुंचे। इनमें शामिल सरोजनी पुलिस के आगे भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि पेट काटकर सोने-चांदी के जेवर बनवाए थे, वापस दिला दीजिए। इस बीच उनकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ देर के लिए वह बेहोश हो गईं। महिलाओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस सतर्क हो गई। कुछ ही देर में बिलग्राम के नायब तहसीलदार मुकेश चौधरी भी मौके पर पहुंच गए। विपिन की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाकर महिलाओं को शांत किया। प्रभारी निरीक्षक बसंत राम ने बताया कि आरोपी विपिन गुप्ता के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उसे गिरफ्तार करने की हर संभव कोशिश हो रही है।