हरपालपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पलिया में मंगलवार दोपहर दिल्ली में रह रही मां से फोन पर खुदकुशी करने की बात कहकर चालक ने फांसी लगाकर जान दे दी।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पलिया निवासी सुनील दिल्ली में मजदूरी करता है। साथ में उसकी पत्नी सुनीता भी रहती है। उसका बेटा अंकित (22) हरदोई शहर में कार चलाता था। तीन वर्ष पूर्व अंकित की शादी शहर के मोहल्ला निवासी युवती से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से पत्नी से उसकी अनबन हो गई थी। तब से पत्नी मायके में रह रही थी।
परिजनों के मुताबिक मंगलवार दोपहर अंकित घर पहुंचा। उसने मां से फोन कर फांसी लगाने की बात कहकर फोन काट दिया। उसकी मां ने गांव निवासी मौसी दयावती पत्नी दयाराम को जानकारी दी। जब तक मौसी घर पहुंची अंकित ने कमरे में अगौछे के फंदे से फांसी लगाकर जान दे दी। घर पहुंची दयावती ने कमरे में अंकित का शव लटकता देखा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल भगवान चंद्र ने बताया कि पत्नी के मायके न आने से आहत होकर युवक ने आत्महत्या की है।